श्री बांके बिहारी गौशाला सेवा दल नवांशहर व गौ रक्षक दल नवांशहर की ओर से जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंपा
नवांशहर 27 अप्रैल (हरिंदर सिंह)श्री बांके बिहारी गौशाला सेवा दल नवांशहर व गौ रक्षक दल नवांशहर की ओर से जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंपा गया। जिसमें मांग की गई है कि देश में गौ हत्या बंद की जाए व गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में लोगों के बीच धार्मिक पर्चा वितरित किया गया, जिसमें “सनातन धर्म गीता” के आधारभूत सिद्धांतों और जीवन मूल्यों की जानकारी दी गई है। पर्चे में बताया गया है कि सनातन धर्म मानव जीवन को सत्य, अहिंसा, सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों और गीता के संदेशों को सरल भाषा में समझाया गया है, ताकि आम जन भी उन्हें अपने जीवन में अपनाकर एक आदर्श समाज का निर्माण कर सकें। इस अभियान के तहत सरकार से मुख्य आग्रह भी शामिल किए गए हैं, जिनमें सनातन परंपराओं की रक्षा, धार्मिक स्वतंत्रता, गौ संरक्षण और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। यह भी अपील की गई है कि लोग आपसी भाईचारा बनाए रखें, समाज में सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करें तथा युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने में योगदान दें। नेताओं का कहना है कि इस तरह के प्रयासों से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और लोग अपनी जड़ों से जुड़े रहेंगे। इस मौके पर स्वामी ऋषि राज, स्वामी गोपाल दास, भारती आंगरा, गोपाल शारदा, अनिल कुमार बाली, गगन, भूपिंदर सिंह, ललित ओहरी, प्रीति महंत, आदि हाजिर रहे।



