नवांशहर (हरिंदर सिंह) टीचर कालोनी से रविवार को भारी बारिश में तिरपालों में लपेट कर विदा हुए गणपति महाराज और श्री गणपति उत्वस क्लब टीचर कालोनी द्वारा जारी 13 वां गणेश उत्सव विधिवत संपन्न हो गया। शनिवार को बारिश की बजह से डा. हरकेश स्नेही द्वारा होनी वाली भजन संध्या रद्द कर दी गई। रविवार को सुबह पं. संदीप शास्त्री ने गणपति जी के समक्ष पूजन व हवन यज्ञ करवाया, जिसमें मुख्य जजमान रतन व संदीप सौंधी के साथ क्लब सदस्यों ने भी आहूतियां डालीं। इसके बाद श्रद्धालु बारिश में ही महाराष्ट्र व कोलकाता से मंगवाए विशेष बैंड की मराठी धुनों पर झूमते नाचते हुए बंगाली धुनों पर गणपति जी, रिद्धि सिद्धी व अन्य गणपति जी की प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए शोभायात्रा के रूप में एक दूसरे के गुलाल फैंकते हुए लेकर निकले। देर शाम को दरिया सतलुज पर ले जाकर गणपति जी की प्रतिमा को पूरे विधि विधान से विसर्जन कर दिया गया। यह विसर्जन यात्रा बारिश में ही टीचर कलोनी से घास मंडी, आर्य समाज रोड इत्यादि से होते हुए शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए राहों रोड पर पहुंची। यहां से काफिला राहो से होते हुए सतलुज दरिया पर पहुंचा। रास्ते में श्रद्धालु गणपति वप्पा मोरय्या अगले बरस तूं जल्दी आ.., देवा हो देवा गणपति देवा स्वामी तुम से बढ़ कर कौन.., गणपति जी की निकली सवारी आदि गाते हुए चल रहे थे। हर ओर गणपति बप्पा मोरय्या का जयघोष होता रहा। सतलुज दरिया में विद्वान पंडितो व पं. संदीप शास्त्री द्वारा विधिवत पूजन के बाद, ख्वाजा जी का भी पूजन हुआ। गणपति बप्पा, रिद्वि-सिद्वि जी व अन्य गणेश जी की प्रतिमाओं को विसर्जन कर दिया गया। इस दौरान भक्तों के कूपन भी निकाले गए। मौके पर क्लब सदस्य विवेक मारकंडा, राज कुमार सोंधी, डा. हरकेश स्नेही, शंकर शिंदे, राजन राजू, प्रेम कुमार, संजीव गाबा, रंजना छिंदे, मधु सहगल, सविता सोंधी, परमिंदर काका, संतोष रानी, पूनम मानिक, अश्वनी बलग्गन, मुकेश बिट्टू, सुनील शर्मा, डा. अर्जुन सहगल, विजय गांधी, इत्यादि के साथ अन्य गणपति भक्तजन मौजूद रहे।


